वाराणसी। बीएचयू के बिरला छात्रावास में सोमवार को छात्रों ने मेस बंद होने के विरोध में छात्रावास के सामने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड सदस्यों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र लिखित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे बाद चीफ प्राक्टर की ओर से अव्यवस्था दूर कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
विश्वविद्यालय में बिरला सी छात्रावास में मेस संबंधी समस्याओं को लेकर छात्रों का विरोध कोई पहली बार नहीं हुआ। इससे पहले भी छात्र प्रदर्शन कर चुके हैं। शाम सात बजे एक-एक कर धीरे-धीरे छात्र छात्रावास गेट के बाहर आने लगे, देखते-देखते संख्या बढ़ती गई। यहां छात्रों ने मेस न चलने को लेकर नारेबाजी करते हुए रास्ता जाम कर दिया। इससे इधर से गुजरने वालों को दूसरे रास्ते से मजबूर होकर जाना पड़ा। उधर सूचना पाकर पहुंची चीफ प्राक्टर ने बातचीत कर मामला शांत कराया। छात्रों ने बताया कि आए दिन मेस न चलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डन से बातचीत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बारे में चीफ प्राक्टर ने बताया कि मामले पर छात्रावास के वार्डन समेत अन्य अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराया जा रहा है, जिससे मेस नियमित संचालन हो सके।