ज्ञानपुर। पिछड़े वर्ग के छात्रनेताओं और आम लोगों की गुरुवार को थानीपुर में बैठक हुई। इसमें रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी फिल्म पद्मावत का समर्थन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं हैं, जिसका विरोध किया जाए। राजनीति वश फिल्म का विरोध किया जा रहा है।
छात्रनेता अमरजीत यादव ने कहा कि फिल्म में कहीं भी किसी जाति विशेष के स्वाभिमान पर प्रहार नहीं किया गया है। फिर भी करणी सेना फिल्म का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी कई फिल्में बन चुकी हैं, जिसमें पिछड़े वर्ग के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ किया गया। सांसद फूलन देवी पर बनी फिल्म बैंडिट क्वीन में अश्लील दृश्य दिखाए गए थे। फिर भी फिल्म निर्देशक शेखर कपूर का कोई विरोध नहीं हुआ। पद्मावत में तो रानी पद्मावती के बारे में कुछ भी गलत नहीं दिखाया गया है। वक्ताओं ने कहा कि किसी फिल्म के माध्यम से किसी दल को राजनीति नहीं करने दी जाएगी। दल विशेष के कुछ लोग फिल्म के माध्यम से राजनीति कर रहे हैं। बैठक में मनमोहन यादव, साधु यादव, आलोक, संजय यादव, विमलेश बिंद, सनी बिंद, अभय सरोज, मुकेश आदि मौजूद थे।