वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के छात्रों ने फर्जी दाखिले के मामले में प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। प्राचार्य को निलंबित करने की मांग को लेकर छात्रसंघ की निवर्तमान अध्यक्ष खुशबू सिंह और निवर्तमान महामंत्री शुभम सिंह ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर अनशन शुरू किया। साथ ही अविलंब कार्रवाई न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
हरिश्चंद्र कॉलेज में वर्तमान सत्र में अलग-अलग कोटे के तहत फर्जी प्रवेश हुए हैं। जांच के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे के तहत हुए 27 फर्जी दाखिले निरस्त कर दिए गए हैं। अन्य कोटे में हुए दाखिले की जांच अभी चल रही है। छात्रों की मांग है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक के लिए प्राचार्य को निलंबित किया जाए। उनका आरोप है कि प्राचार्य के संरक्षण में फर्जी प्रवेश हुए हैं। इस बात पर भी रोष है कि दोषी छात्रों पर तो कार्रवाई हो गई लेकिन इसमें लिप्त रहे कॉलेज के कर्मचारियों, शिक्षकों को क्लीन चिट दे दी गई है। प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई को लेकर छात्रों ने शुक्रवार को धरना शुरू किया था, जो शनिवार को अनशन में बदल गया। वहीं, निवर्तमान महामंत्री ने चेतावनी दी है कि अगर प्राचार्य को निलंबित नहीं किया गया तो रविवार को सुबह 10 बजे डीएम कार्यालय पर आत्मदाह करेंगे। धरने में सचिन सिंह, आदित्य रावत, सौरभ सेठ, हिमांशु कुमार गुप्ता, प्रदीप सिंह, सिद्धार्थ सोनकर, प्रिंस द्विवेदी और लकी वर्मा आदि शामिल थे।