वाराणसी। काशी की एक और बेटी ने दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बनारस में पलीं-बढ़ीं दिशिका सिंह ने ‘मिसेज भारत-यूएसए-2017’ का ताज अपने नाम कर फैशन और मॉडलिंग की दुनिया में धूम मचा दी है। पिछले हफ्ते अमेरिका के न्यू जर्सी में आयोजित ‘मिसेज भारत-यूएसए-2017’ के फाइनल राउंड में दिशिका ने अपनी खूबसूरती, प्रतिभा और हाजिरजवाबी से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। ऑनलाइन वोटिंग में भी दिशिका को सबसे अधिक वोट प्राप्त हुए। प्रतिस्पर्धा में 15 प्रतिभागी शामिल थीं।
शहर के औरंगाबाद की रहने वाली दिशिका मौजूदा समय अमेरिका के वाशिंगटन स्थित सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में एडवाइजर हैं। नौकरी के साथ-साथ वो मॉडलिंग भी करती हैं। अमेरिका में हर वर्ष वहां रहने वाले भारतीयों के लिए ‘वर्ल्ड वाइड पिपुल्स च्वाइस ऑफ यूएसए अवार्ड फॉर मिस, मिस्टर, मिसेज एंड टीन’ प्रतिस्पर्धा आयोजित होती है। दिशिका समेत 15 प्रतिभागियों ने अंतिम राउंड में जगह बनाई थी। प्रतियोगिता में खूबसूरती के साथ-साथ प्रतिभागियों के कौशल और दिमाग को भी परखा जाता है। जजों के स्कोर के अलावा ऑनलाइन वोटिंग के जरिए दिशिका ने यह ताज हासिल किया। इसी प्रतिस्पर्धा में उन्हें बेस्ट स्पोकेन पर्सन का भी खिताब मिला।
दिशिका की सफलता से बनारस के औरंगाबाद में रहने वाले उनके माता-पिता गौरवान्वित हैं। उनके पिता दिलीप नारायण सिंह ने ‘अमर उजाला’ के साथ अपनी खुशियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी ने न केवल मेरा बल्कि पूरे बनारस का मान बढ़ाया है। पिपलानी कटरा में गर्ल्स हॉस्टल चलाने वाले दिलीप नारायण सिंह ने कहा कि शुरू से ही दिशिका कुशाग्र थी। उन्होंने उस पर कोई बंदिश नहीं थोपी। वह पढ़ाई मन लगा कर करती थी। अभी वो तीन-चार साल से अमेरिका में रह रही है। दिशिका ने वाराणसी के अग्रसेन इंटर कॉलेज से स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अग्रसेन पीजी कॉलेज से ही मनोविज्ञान में ग्रेजुएशन किया। फिर काशी विद्यापीठ से मनोविज्ञान में ही मास्टर किया। इसके बाद इन्होंने यूपी कॉलेज स्थित आरएसएमटी कॉलेज से एमबीए किया। दिशिका ने इसके बाद लीगल कोर्स में डिप्लोमा किया। फिर उन्होंने रिलायंस फाइनेंस, बीसीएल ग्लोबल जैसी बड़ी कंपनियों में काम किया। 2013 में माइक्रोसॉफ्ट से ऑफर आने के बाद वो अमेरिका चली गईं। दिशिका की शादी 2011 में अभिषेक सिंह से हुई। अभिषेक वाशिंगटन में ही अमेजन में कार्यरत हैं।