वाराणसी। निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की दो जनसभाएं बुधवार को वाराणसी में होंगी। पहली सभा रामनगर में दोपहर बाद साढ़े तीन बजे और दूसरी सभा शाम छह बजे टाउनहाल में होगी। इसमें पार्टी के सभी प्रत्याशी शामिल होंगे। चर्चा यह भी है कि सीएम बुधवार को रात्रि विश्राम भी करेंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर पार्टी नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि सभास्थल पर मेयर पद की प्रत्याशी मृदुला जायसवाल और सभी 89 पार्षदों के बैठने की अलग व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पार्टी के सभी विधायक, मंत्री, पदाधिकारी होंगे। जनसभा के साथ मुख्यमंत्री का सभी पार्षद-सभासद प्रत्याशियों से परिचय सम्मेलन भी होगा। रामनगर में सीएम पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे।
टाउनहाल और रामनगर में सीएम की सभा को लेकर पार्टी की ओर से बैरिकेडिंग से लेकर बैठने तक की व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है। हर वार्ड से जनता को ले जाने की जिम्मेदारी पार्षद प्रत्याशियों के अलावा मंडल अध्यक्षों को दी गई है। बैंड बाजा, केसरिया टोपी लगाकर कार्यकर्ता जनसभा में शामिल होंगे।