वाराणसी। वरुणा के डूब क्षेत्र में कराए गए अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के लिए वीडीए ने एकबारगी फिर तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही वरुणा किनारे के 412 और भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया जाएगा। उन्हें खुद भवन गिराने के लिए 15 दिन की मोहलत दी जाएगी। उसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की अनुमति के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। 350 भवन स्वामियों को पिछले साल ही वीडीए ने नोटिस थमाया था लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अलबत्ता, वीडीए और प्रशासन की अनदेखी से कई नए अवैध निर्माण करा लिए गए।
वरुणा किनारे दोनों तरफ 50 मीटर की एरिया डूब क्षेत्र घोषित है। इस दायरे में कराए गए अवैध निर्माणों को चिह्नित करने के लिए वरुणा कॉरिडोर योजना शुरू होने से पहले सर्वे कराया गया था। तब कुल 762 अवैध निर्माण चिह्नित किए गए थे। इनमें किनारे के कई बड़े होटल और प्रतिष्ठान भी शामिल था। तब ध्वस्तीकरण के लिए वीडीए ने 350 भवन स्वामियों को नोटिस दिया था। बाकी 412 भवन स्वामियों को अब नोटिस देने की तैयारी है।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित खरे ने बताया कि देव दीपावली बाद नोटिस जारी कर अवैध निर्माण कर्ताओं को पखवारे भर की मोहलत दी जाएगी। उसके बाद सभी 762 भवनों पर कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। वहां से अनुमति के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।