वाराणसी। दिवाली तक मौसम सामान्य होने केसाथ ही तीन दिन बाद बदलाव की उम्मीद है। वजह, आंध्र प्रदेश और उड़ीसा में तूफान आने की स्थिति बनी हुई है वहीं बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते शनिवार को हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसी कारण से पछुवा हवा में बदलाव हुआ है और पुरवा हवा चलने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया। दिन में धूप से उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार दिवाली तक मौसम सामान्य रहेगा। लेकिन कम दबाव का क्षेत्र के कारण उत्तर पश्चिम की ओर नम और पुरवा हवाएं बढ़ रही हैं। इससे अनुमान है कि शनिवार तक पूर्वांचल में हल्की बूंदाबांदी या कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम में बदलाव होगा और गुलाबी ठंड भी शुरू हो जाएगी।