वाराणसी। नरिया इलाके के ट्रांसफार्मर में शुक्रवार की दोपहर तेज धमाके के साथ आग लग गई। इसके चलते कई इलाकों की बत्ती गुल हो गई। आनन फानन में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। नौ बजे रात के बाद आपूर्ति बहाल की गई। उधर शहर के अन्य इलाकों में पीएम आगमन की तैयारियों के मद्देनजर भी तारों को दुरुस्त करने के लिए कटौती की गई। मरम्मत की आड़ में भी कुछ इलाकों में बिजली की आवाजाही सुबह से रात तक लगी रही।
नरिया के ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। इसके चलते नरिया के अलावा साकेतनगर, खोजवां, कौशलेस नगर आदि इलाकों की बत्ती गुल हो गई। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना 100 नंबर पर दी साथ ही आस पास के लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी आई और आग बुझाई गई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया। ट्रांसफार्मर देर शाम तक बदल दिया गया और नौ बजे तक आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
उधर शहर के अन्य इलाकों में मरम्मत और पीएम आगमन की तैयारियों के मद्देनजर कटौती की गई। मंडुवाडीह, चांदपुर, लहरतारा इलाके में बीते तीन दिनों से सुबह से शाम तक कई चरणों में कटौती की जा रही है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने कहा कि आईपीडीएस, केंद्रीय योजनाओं का काम चल रहा है। इसके लिए शटडाउन लेना पड़ रहा है। पीएम के आगमन को देखते हुए लटके तारों की मरम्मत का काम चल रहा है। इस नाते कुछ देर के लिए कटौती करनी पड़ी। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों सिगरा, महमूरगंज, लंका, औरंगाबाद, सोनिया, कचहरी, सारनाथ आदि इलाकों में बिजली की आवाजाही सुबह से रात तक लगी रही।