वाराणसी। प्रदेश के विधि-न्याय, सूचना-खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद दुर्गाकुंड जाकर यहां हृदय योजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्य परखेंगे। पीएम अगले महीने तक काशी आ सकते हैं। वह रविवार को सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने आईपीडीएस, एनबीसीसी और सीएसआर के कार्र्यो को युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से दो टूक कहा कि हर हाल में काम समय पर पूरा होना चाहिए। बैठक के दौरान नगर निगम एवं एनबीसीसी के अधिकारी से कहा कि प्रधानमंत्री जून-जुलाई में वाराणसी दौरे के दौरान दुर्गाकुंड के विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। उसे प्राथमिकता के तौर पर कराए जाएं।
नगर निगम की ओर से हृदय योजना के तहत 1.15 करोड़ की लागत सुन्दरपुर-साकेतनगर मार्ग पर रोड वाइडिंग एवं नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने तथा पटरी इंटरलाकिंग का कार्य जारी होने की जानकारी पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव से कहा कि मुख्य अभियंता से उसका भौतिक सत्यापन करा लें। वहीं 2.58 करोड़ की लागत से टाउनहाल के मुख्य भवन का मरम्मत, प्लास्टर एवं विद्युतीकरण तथा एनबीसीसी द्वारा पिपलानी कटरा से संत कबीर मंदिर तक संगीत क्षेत्र के हेरिटेज मार्ग पर हुए कार्यों की स्थलीय जांच कर जानकारी देने की जिम्मेदारी अपने प्रतिनिधि आलोक श्रीवास्तव को दी। उन्होंने आईपीडीएस की ओर से भूमिगत केबिल बिछाए जाने और सड़क पर तार फैलाने, खोदाई कर मलबा छोड़ने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को टीम बनाकर रोजाना निरीक्षण को कहा। 26 करोड़ की लागत से हेरिटेज विद्युत पोल लगाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई। हृदय के 80 करोड़ की लागत से 34 सड़कों, कुंडों, तालाबों का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मेयर रामगोपाल मोहले, नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही मौजूद रहे।