वाराणसी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोकगायक पद्मश्री हीरालाल के आवास पर सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बताते हुए उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया। कहा कि इसकी भरपाई मुमकिन नहीं है। उन्होंने अपनी विधा और लोक गायकी से ना सिर्फ काशी का बल्कि उत्तर प्रदेश और देश का भी नाम रोशन किया।
कहा कि हीरालाल अपनी प्रतिभा के चलते इस देश में सदैव अमर रहेंगे। यूपी सरकार उनकी स्मृतियों को संजोने का काम करेगी। दुख की इस घड़ी में यूपी सरकार स्व हीरालाल के परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान परिजनों ने हीरालाल यादव की प्रतिमा लगाने व मकबूल आलम रोड का नाम बदलकर हीरालाल यादव मार्ग करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस कार्य को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अर्बन हॉट का नाम हीरालाल यादव अर्बन हाट रखने को कहा। वहीं हीरालाल यादव के बेटे ने अपने पिता के उस बिरहा को सुनाया, जो गोरक्ष पीठ में सुनाया था था, जिसे सुन मुख्यमंत्री ने सराहना की। करीब 15 मिनट तक उनके आवास पर रुके मुख्यमंत्री 9. 25 बजे वहां से रवाना हो गए। हीरालाल यादव के पुत्र बचाऊ लाल यादव ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री ने जो भी आश्वासन दिया है उसे पूरा करेंगे और वही पिता की असल श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान यूपी सरकार के मंत्री गोपाल टंडन व नीलकंठ तिवारी के अलावा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने भी हीरालाल यादव को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारजनों से संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने हीरालाल यादव के पुत्र रामजी यादव व सत्यनारायण यादव समेत सभी परिजनों को ढांढस बंधाया।