वाराणसी। शहर की कानून व्यवस्था ध्वस्त होने और चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को कचहरी स्थित रायफल क्लब में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इसमें कांग्रेस नेताओं ने डीरेका, तरना बाजार, बाबतपुर रोड, हरहुआ चौराहा, रामेश्वर रोड, भेलूपुर थाने के सामने, नरिया, सांस्कृतिक संकुल से सरकारी योजनाओं के पोस्टर, होर्डिंग और फोटो युक्त प्रचार सामग्री हटवाने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यूपी कॉलेज और बीएचयू में बेखौफ अपराधियों ने छात्राें की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे शिक्षण संस्थानों की साख और शैक्षणिक वातावरण दूषित हुआ। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने दोनों मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान पूर्व विधायक अजय राय, प्रजानाथ शर्मा, सीताराम केसरी, पूर्व विधायक मेवालाल, दुर्गा प्रसाद गुप्त, दिग्विजय सिंह, राकेश चंद्र, फसाहत हुसैन आदि मौजूद रहे।