वाराणसी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया में सोमवार को आयोजित मंडल स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बनारस समेत चार जिलों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान गायन-वादन, नृत्य, एकांकी की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिली। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में एकल, समूह गायन में किसानी गीत से लेकर होली के गीत प्रतिभागियों ने गाए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम ने ‘किसनवा के गउआं बड़ा नीक लागे’ समूह गायन के माध्यम से खेती-किसानी की ओर सभी का ध्यान खींचा तो नाटक क्रांति की आग के माध्यम से चंदौली से आई टीम में स्वतंत्रता आंदोलन की झलक प्रदर्शित की। तबला, हारमोनियम वादन में शास्त्रीय संगीत से लेकर होली गीतों के धुन की प्रस्तुति पर दर्शकों ने ताली बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य निशा यादव, जिला विकास अधिकारी रमांकात तिवारी आदि मौजूद रहे।