वाराणसी। लमही निवासी राजबली पटेल को शुक्रवार की रात घर से बाहर बुलाकर दो बदमाशों ने फायरिंग की। संयोग से गोली राजबली के बगल से गुजर गई और वो भाग कर घर में जा छिपा। प्रकरण को लेकर राजबली की तहरीर पर सारनाथ क्षेत्र के बदमाश झुन्ना पंडित और एक अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में हत्या का प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
राजबली ने पुलिस को बताया कि गोइठहां क्षेत्र में एक जमीन को लेकर पंचायत चल रही है। उसी प्रकरण को लेकर बदमाश झुन्ना पंडित अपने एक दोस्त के साथ शुक्रवार की देर रात उसके घर पर आकर उसे बाहर बुलाया। बाहर आते ही झुन्ना ने राजबली को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के अन्य लोग बाहर निकले तो झुन्ना सहित दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।