ज्ञानपुर (भदोही)। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद भ्रमण बृहस्पतिवार शाम को तय हो गया। सीएम कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री के मिनट टू मिनट कार्यक्रम का प्रोटोकाल जिला प्रशासन को भेज दिया। तीन जून को सुबह 9.50 बजे सीएम का उड़नखटोला अभयनपुर प्राथमिक विद्यालय परिसर में उतरेगा। उसके बाद कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
तीन जून को प्राथमिक विद्यालय अभयनपुर में बने हैलीपेड पर सीएम योगी आदित्यनाथ नौ बजकर 50 मिनट पर उतरेंगे। सुबह 10 बजे एक्सपो मार्ट, 10 से 11 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं के कोर समन्वय की बैठक, 11 से 12 बजे तक काशी क्षेत्र के सांसद, विधायक और जिलाध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 12 से एक बजे तक कई कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण, लाभार्थियों को प्रमाणपत्र का वितरण, दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री एक्सपो मार्ट से प्रस्थान करने के बाद किसी गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण और विकास कार्यों का जायजा लेंगे। दोपहर तीन बजे कलेक्ट्रेट सभागार सरपतहां में सीएम विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शाम चार बजे 45 मिनट पर मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार से पुलिस लाइन में बने हैलीपैड आएंगे, और यहां से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री तीन जून को करीब सात घंटे तक जिले में रहेंगे। एसडीएम ज्ञानपुर आशीष कुमार ने कहा कि सीएम के आने का प्रोटोकाल प्राप्त हो गया है।