भदोही। बड़े उपभोक्ताओं की बिजली जांच अभियान के तहत बुधवार को विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने नगर के कई संस्थानों में छापेमारी की। इस दौरान होटल, रेस्त्रां, निजी अस्पतालों और कोल्ड स्टोरेज की जांच में सात प्रतिष्ठान ऐसे मिले, जो स्वीकृत से अधिक भार इस्तेमाल करते अथवा विद्युत चोरी करते पकड़े गए। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को शमन शुल्क डिमांड नोटिस जारी किया गया है।
बड़े उपभोक्ताओं में बिजली भार की जांच के लिए एक से आठ मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विजिलेंस निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की नजर ऐसे विद्युत उपभोक्ताओं पर है, जो निर्धारित भार से अधिक बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं अथवा किसी भी प्रकार से बिजली चोरी में लिप्त हैं। बताया कि आज अभियान का दूसरा दिन था। चौरी रोड के आधा दर्जन निजी अस्पतालों में छानबीन के अलावा स्टेशन रोड के कई होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई। इनमें सात प्रतिष्ठान ऐसे मिले, जो या तो स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग कर रहे थे अथवा मीटर बाईपास किया हुआ था। बताया कि सभी द्वारा चोरी की गई बिजली का आकलन कर उनसे शमन शुल्क वसूलने के लिए नोटिस जारी किया गया है। शुल्क न जमा करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई से नगर के कालीन प्रतिष्ठानों, अस्पतालों में खलबली का आलम रहा। कई संचालक मौके से लापता हो गए। भदोही विद्युत विभाग के टाउन एसडीओ गोविंद प्रसाद ने बताया कि स्वीकृत विद्युत लोड से अधिक बिजली का उपयोग करना जुर्म है। बताया कि मंगलवार को अभियान का पहला दिन था, जहां चार लोगों के विरुद्ध कोतवाली में विद्युत चोरी की तहरीर दी गई है। जांच में निरीक्षक के अलावा दिग्विजय सिंह, अजय कुमार सिंह, एजाज अहमद आदि रहे।