ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के कंसापुर गांव में सोमवार की देर रात एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह लोगों ने हल्के पानी और कीचड़ वाले गड्ढे में औंधे मुंह पड़े युवक को देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चौरी थाना क्षेत्र के भाला गांव निवासी मुनीब बिंद (27) पुत्र स्व. लाल बहादुर बिंद सोमवार की देर रात हॉस्टल चौराहे से कंसापुर की तरफ बाइक से निकला। बताते हैं कि तेज रफ्तार होने के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर लगे लोहे के पोल से टकराई और फिर घसीटते हुए गड्ढे में चली गई। इसके मुनीब के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और सिर कीचड़ व पानी भरे गड्ढे में धंस गया। इससे उसकी मौत हो गई। देर रात की घटना होने के कारण किसी को पता नहीं चला। सुबह गांव वालों ने गड्ढे में पड़े युवक को देखा तो चौंक गए। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने के बाद ज्ञानपुर कोतवाली की पुलिस पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।