वाराणसी। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकोें से दोपहिया वाहन चुराकर ओएलएक्स के माध्यम से बेचने के आरोप में दो युवकों को पुलिस ने मंगलवार की रात नरिया तिराहा से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी की एक स्कूटी और एक तमंचा बरामद कर बुधवार को जेल भेज दिया गया। आरोपियों की शिनाख्त लंका थाना अंतर्गत कर्मनवीरपुर सुसुवाही के नवीन पांडेय और विवेकानंद नगर कालोनी के चंदन मिश्रा के तौर पर हुई है।
सीओ भेलूपुर अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात नरिया तिराहा पर लंका थानाध्यक्ष संजीव मिश्रा अपनी टीम के साथ वाहनोें की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक आए तो उन्हें रुकने का इशारा किया गया लेकिन वे भागने लगे। दोनों को दौड़ाकर पकड़ा गया तो सामने आया कि स्कूटी चोरी की है। नवीन ने बताया कि वह बीकाम और चंदन एमएससी उत्तीर्ण है। दोनों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से दो पहिया वाहन चुराकर उसकी फोटो ओएलएक्स पर डाल देते थे। ग्राहक तय होने पर उसका फर्जी कागज तैयार कर बेच देते थे। दोनों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए चोरियां करते थे। सीओ भेलूपुर ने बताया कि पूछताछ में दोनों से चोरी के कई वाहनों के बारे में पता लगा है उन्हें जल्द ही बरामद किया जाएगा।