वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षाएं नौ दिसंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेंगी। सेमेस्टर परीक्षाओं के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार को टाइमटेबल जारी कर दिया। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह प्रथम पाली में साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक चलेंगी। जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं द्वितीय पाली में दोपहर डेढ़ बजे से साढ़े चार बजे तक चलेंगी।
बुधवार को टाइमटेबल जारी होने के साथ ही एक ओर जहां विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के मद्देनजर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं अब छात्र-छात्राआें के ऊपर पढ़ाई का बोझ आ गया है। उधर प्राध्यापकों पर भी समय से कोर्स पूरा कराने की जिम्मेदारी आ गई है। पहले प्रवेश प्रक्रिया, फिर दीक्षांत समारोह और उसके बाद छात्रसंघ चुनाव के चलते पढ़ाई काफी हद पर प्रभावित हुई थी। ऐसे में अब पूरा जोर कोर्स पूरा कराने की ओर से लग गया है। सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया और भदोही में 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां करीब 70 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।