वाराणसी। पाक अधिकृत कश्मीर की आजादी के लिए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर पाकिस्तान का झंडा फूंका। सभा में मंच के काशी प्रांत के सह संयोजक अब्दुल मजीद अंसारी ने कहा कि जल्द ही पाकिस्तान दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा। आतंकवाद की दुकान चलाने वाला पाक अब बेनकाब हो चुका है।
प्रदेश सेवा प्रमुख मोहम्मद अजहरूद्दीन ने कहा कि पाकिस्तान ने कश्मीर पर अधिकार नहीं छोड़ा तो इतने टुकड़े में बंट जाएगा की पता नहीं चलेगा। राष्ट्रीय सह संयोजक डा. हेमंत गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान का निर्माण अवैध तरीके से हुआ है। जो मुल्क खून और खराबे पर बना हो उसके लोगाें से क्या उम्मीद की जा सकती है। जरूरत है मानवता की रक्षा करने की। राष्ट्रीय सेवा प्रमुख डा. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर को मुक्त कराना अब सबका मिशन बन चुका है। जम्मू कश्मीर को विधानसभा में पीओके के हिस्से की सीट खाली रहती है। जम्मू कश्मीर सरकार उस सीट पर चुनाव कराए। पीओके के लोगों को नामांकित करे। इस मौके पर डा. इरफान अहमद शम्सी, मुस्तकिम, डा. अशोक सिंह, धनंजय यादव, सलाउद्दीन, पूर्णेंदु उपाध्याय, काशीनाथ शुक्ला, अर्चना, आत्म प्रकाश सिंह, नजमा परवीन, गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।