एक अनियंत्रित ट्रक के कारण आजमगढ़ जिले के 200 गांवों की बिजली गुल हो गई है।
अहरौला क्षेत्र के खादारामपुर गांव के पास गुरुवार की रात अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बिजली के चार खंभे गिर गए। इसके कारण लगभग 200 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई है।
जो खंभे गिरे हैं उनसे गोपालगंज विद्युत सब स्टेशन तक बिजली पहुंचती थी। विद्युत सब स्टेशन के जेई का कहना है कि विभाग के पास खंभे नहीं है।
खंभे लगाने में तीन दिन का समय लगेंगे। ऐसे में प्रभावित गांवों को लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि उन्हें तीन दिन तक बिन बिजली के रहना पड़ेगा। क्षेत्र में गुरुवार की शाम तेज रफ्तार से जा रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसकी टक्कर से खादारामपुर गांव के पास चार बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वहां अफरातफरी मच गई।
खंभों के गिरते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। सप्लाई के लिए लगा 25 केबी का ट्रांसफार्मर भी टूटकर गिर गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी। इसके बाद बिजली काटी गई।
संयोग ही था कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दूसरी तरफ, टक्कर के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
शुक्रवार को भी विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं आया। जिसके चलते खंभे सड़क पर ही पड़े रहे।
वहीं दो सौ से ज्यादा गांव में शुक्रवार को भी बिजली सप्लाई नहीं हो पाई। जेई अवधेश कुमार पाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है। खंभा नहीं है, आने पर लगा दिया जाएगा। अभी तीन दिन का समय लग सकता है।