रोहनिया। मोहनसराय में रविवार की सुबह सफारी की टक्कर से बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार (24) की मौत हो गई। धर्मेंद्र की मौत से गुस्साए परिजनों ने उसके उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भदवर बाईपास पर जाम लगा दिया। पुलिस ने पहुंच कर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। इस दौरान कुछेक वाहनों पर पत्थर भी फेंके गए। अंतत: पुलिस ने लाठी पटक कर सभी को खदेड़ा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
सड़क जाम करने के आरोप में तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ रोहनिया थाने में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र ने हादसे के दौरान हेलमेट नहीं पहना था। सिर में लगी गंभीर चोटें उसकी मौत की अहम वजह बनीं। मिर्जापुर के कछवां थाना के नरायनपुर का धर्मेंद्र बाइक से बनारस जा रहा था। नौ बजे के लगभग मोहनसराय में सफारी की टक्कर से धर्मेंद्र घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से धर्मेंद्र को उपचार के लिए भदवर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग लेकर भदवर बाईपास मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने सफारी के साथ चालक को हिरासत में लिया है। उधर, परिजनों ने बताया कि दो भाईयों में बड़ा धर्मेंद्र पेंटिंग का काम करता था। हादसे में धर्मेंद्र की मौत की खबर पाकर उसके पिता गिरिजा शंकर, मां उर्मिला और पत्नी सोनी के अलावा परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।