वाराणसी। मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन और मंगला आरती का टिकट दौ सौ रुपये महंगा कर दिया है। इसे 15 अप्रैल से लागू करने की तैयारी है। हालांकि सुविधाओं में कोई इजाफा नहीं किया गया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की एक मार्च को हुई बैठक में सुगम दर्शन का टिकट 300 की जगह 500 रुपये प्रति श्रद्धालु करने का निर्णय लिया गया गया था। मंगला आरती देखने के लिए भी दाम बढ़ाकर 350 की जगह 550 करने का फैसला हुआ। रुद्राभिषेक का टिकट पुराने रेट 450 रुपये में ही मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक, इसे 15 अप्रैल से लागू करने की तैयारी है। हालांकि कम टिकट बिकने की आशंका और सुविधाओं को लेकर अंदरखाने इसका विरोध भी शुरू हो गया है। तेलांगाना से दर्शन करने आए सोमेश्वर राव चौहान ने कहा कि 300 रुपये में ही कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। गेट नंबर चार की जगह गेट नंबर तीन से प्रवेश दिया जा रहा है। इससे धूप में ज्यादा पैदल चलना पड़ता है। मंदिर के गर्भगृह में जाने के बाद तत्काल बाहर निकाल दिया गया। ऐसे में टिकट का मूल्य बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है।
प्रयागराज कुंभ के दौरान हेल्प डेस्क की आय केवल टिकट से लगभग सवा करोड़ रुपये थी। कुंभ समाप्त होने के बाद मार्च में आय 80 लाख रुपये रह गई। अप्रैल की स्थिति यह है कि प्रतिदिन दो से तीन दर्जन टिकट ही बिक रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, यदि टिकट दरें बढ़ाई गईं तो टिकट बिक्री बढ़ने की उम्मीद को झटका लग सकता है। साथ ही हेल्प डेस्क पर सेवा के लिए तैनात कर्मचारियों का मानदेय और मेंटेनेंस का खर्च निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।