वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पूर्वांचल दौरे के रद्द होने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कार्यकर्ता निराश हो उठे। सुबह से चल रही सूचना को कांग्रेस के नेताओं ने साजिश करार दिया। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के ट्वीट ने संकेत दिए कि प्रियंका गांधी का दौरा अभी तय नहीं है, लेकिन स्थानीय नेताओं ने इस तरह की किसी भी सूचना से इंकार करते हुए शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
प्रियंका का 18 से 20 मार्च तक पूर्वांचल दौरा प्रस्तावित है। वह बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगी। इसी बीच सोशल मीडिया पर किसी ने वायरल कर दिया कि प्रियंका का पूर्वांचल दौरा तीसरी बाद रद्द हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने ट्वीट किया कि प्रियंका अभी आईं भी नहीं हैं और उनके लंबे-चौड़े प्रोग्राम आ गए। मान्यवरों प्रियंका के प्रोग्राम की रूपरेखा अभी तैयार हो रही है और प्रशासन के समक्ष भी जा रही है। जल्द ही आपको सूचित किया जाएगा। प्रियंका के दौरे को लेकर आपका उत्साह स्वागत योग्य है। उधर, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आरपी त्रिपाठी द्वारा जारी सूची के मुताबिक प्रियंका गांधी 20 मार्च को मिर्जापुर से शीतला मंदिर पहुंचेंगी। वहां दर्शन के बाद महिला सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह स्टीमर के जरिए शूलटंकेश्वर मंदिर जाएंगी। यहां दर्शन पूजन के बाद वापस रामनगर पहुंचेंगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रो. सतीश राय और शैलेंद्र सिंह ने कहा कि प्रियंका के दौरे को स्थगित करने की खबर विपक्ष की तरफ से जानबूझकर फैलाई जा रही है। काशी में घबराए हुए पीएम मोदी के समर्थकों द्वारा वायरल समाचारों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। प्रियंका का कार्यक्रम यथावत है। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि प्रियंका का पूर्वांचल दौरा रद्द नहीं हुआ है। दौरा रद्द होने की अफवाह फैलाई जा रही है। पार्टी जिला स्तर पर उनके आने की तैयारियां और बैठकें कर रही है।