वाराणसी। आयुष्मान भारत योजना के नाम पर ऑनलाइन ठगी का खेल शुरू हो गया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों को योजना में पंजीकरण कराने, इस मैसेज को दस लोगों को भेजे जाने को कहा जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस तरह का कोई मैसेज न भेजे जाने की बात कही जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से व्हाट्सएप पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें 13 से 70 साल तक के 10 करोड़ लोगों को पांच लाख तक के नि:शुल्क बीमा की जानकारी दी जा रही है। वायरल मैसेज में तो आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी दर्ज है लेकिन अभी भी यह साइट खुल रही है। इसमें नाम, पता, उम्र, फोन नंबर सहित अन्य जानकारियां दर्ज करने के बाद इसे दस लोगों को भेजने को कहा जा रहा है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने कहा कि इस तरह का कोई भी ऑनलाइन मैसेज विभाग की ओर से नहीं भेजा जा रहा है। लोगों को चाहिए कि वह इस तरह के किसी मैसेज का जवाब न दें। योजना से जुड़ी किसी प्रकार की जानकारी सीएमओ कार्यालय में प्राप्त की जा सकती है। योजना के तहत पात्र व्यक्ति को साल में पांच लाख रुपये नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।