वाराणसी। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के आठ मार्च से होने वाले मूल्यांकन के लिए बने केंद्रों पर पहुंचकर शिक्षक मूल्यांकन कार्य को ठप कराएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से 40 शिक्षकों की एक टीम बनाई गई है, जो हर मूल्यांकन केंद्रों का दौरा करेगी। जेपी मेहता इंटर कॉलेज में रविवार को हुई संघ की बैठक में इसका फैसला हुआ।
संघ के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने कहा कि वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन बहाली सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर संघ की ओर से किए जा रहे आंदोलन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। बताया कि अब मूल्यांकन बहिष्कार का फैसला लिया गया है, जिसके माध्यम से सरकार को झुकने पर मजबूर किया जाएगा।
बैठक में जिला स्तर पर पदाधिकारियों, सदस्यों व शाखा इकाई अध्यक्षों, मंत्री की एक सूची बनाई गई। इसमें 40 सदस्य हैं, जो मूल्यांकन केंद्रों पर रहेंगे और मूल्यांकन को बंद करवाएंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि छह मार्च को सभी मूल्यांकन केंद्रों पर बैठक होगी, इसके बाद सात मार्च को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। बैठक का संचालन जिला मंत्री दिनेश सिंह ने किया। इस दौरान जेपी राय, अशोक श्रीवास्तव, शिवमूरत यादव, विवेक सिंह, संत सेवक सिंह, रघुवंश राय, अजीजुर्रहमान, रामप्रताप यादव, गोपाल राय आदि मौजूद रहे।