वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान अंगुठे और अंगुली के निशान का मिलान न होने पर धांधली की आशंका में दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की शिनाख्त गाजीपुर जिले के जमानिया के छितावन पट्टी के विपिन कुमार यादव और सैदपुर के जहानपुर के धर्मेंद्र यादव के तौर पर हुई है।
सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ ही बायोमैट्रिक सत्यापन का काम इन दिनों पुलिस लाइन में किया जा रहा है। रविवार को गाजीपुर जिले से आए विपिन और धर्मेंद्र के शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन में सही मिले। मगर, बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान दोनों के अंगुठे और अंगुली के निशान का मिलान नहीं हुआ। इस वजह से दोनों को संदिग्ध मान कर और धांधली की आशंका में कैंट पुलिस को सौंप दिया गया था। पूछताछ और तफ्तीश के बाद भर्ती परीक्षा आयोजित कराने वाली टीसीएस कंपनी के नवनीत सिंह ने दोनों के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा। आशंका है कि दोनों की जगह लिखित परीक्षा में कोई अन्य शामिल हुआ था।