वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 31 दिसंबर से होने वाली सेमेस्टर परीक्षा के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने 11 जनवरी से होने वाली शोध प्रविधि परीक्षा को भी टाल दिया है। इसके पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया गया है, जबकि विश्वविद्यालय बंद होने की वजह से तैयारियां ही पूरी नहीं हो पाईं।
विश्वविद्यालय में 28 दिसंबर से कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिस वजह से केंद्रीय कार्यालय समेत अन्य विभागों में कामकाज ठप है। सबसे अधिक परेशानी प्रवेश और परीक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर आने वालों को हो रही है, उनका कोई कामकाज नहीं हो रहा है। सेमेस्टर परीक्षा शुरू होने के एक दिन पहले ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे टालने का निर्णय लिया था। अब 11 से 13 जनवरी तक शोध प्रविधि पाठ्यक्रम परीक्षा भी शनिवार को टाल दी गई। परीक्षा के संयोजक प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी की ओर से शनिवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया। इस परीक्षा के लिए छह से नौ जनवरी तक प्रवेश पत्र का वितरण भी होना था। लेकिन लगातार एक सप्ताह से कामकाज ठप होने की वजह से यह कार्य भी प्रभावित हुआ है। अब परीक्षा कब से होगी, अभी कोई तिथि घोषित नहीं की गई है।