वाराणसी। इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल सहित अन्य मांगों के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से गुरुवार को भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय में प्रदर्शन किया गया। निजीकरण के विरोध, पुरानी पेंशन बहाली, आगामी आठ और नौ जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में आयोजित सभा में ऐलान किया गया कि शीतकालीन सत्र में यदि बिल को पास कराने की कोशिश हुई तो विभागीय कर्मचारी और इंजीनियर हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रमुख पदाधिकारी शैलेंद्र दुबे, राजीव सिंह ने कहा कि बिल पारित हुआ तो सब्सिडी और क्रास सब्सिडी तीन साल में समाप्त हो जाएगी। इससे बिजली महंगी हो जाएगी। इस मौके पर आरके वाही, अंकुर पांडेय, अनूप राय, सुनील यादव, डा. आरवी सिंह, दयाशंकर तिवारी, अभय यादव, विकास कुशवाहा, अभय यादव आदि ने अपने विचार रखे।
आठ और नौ जनवरी को कार्य बहिष्कार
विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन की बैठक गुरुवार को भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय में हुई। पूर्वांचल अध्यक्ष वेद प्रकाश राय और क्षेत्रीय सचिव राहुल कुमार ने कहा कि आगामी आठ और नौ जनवरी को 72 घंटे कार्य बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में प्रवीण कुमार सिंह, वेद प्रकाश राय, राजकुमार यादव, राहुल कुमार, विजय नारायण हिटलर, उदयभान आदि शामिल रहे।
सौभाग्य में अब तक 1.15 लाख कनेक्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता डीके त्यागी ने बताया कि प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य) के तहत जिले में निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। अब तक 1.15 लाख कनेक्शन दिए जा चुके हैं। बीपीएल उपभोक्ताओं को निशुल्क और एपीएल उपभोक्ताओं को 50-50 रुपये प्रति माह दस किस्त में कनेक्शन दिए जा रहे हैं।