वाराणसी। वीडीए के पूर्व उपाध्यक्ष आरपी गोस्वामी और उनके दो बेटों सत्येंद्र व अनुराग सहित छह पर धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई चेतगंज थाना के सेनपुरा निवासी प्रापर्टी डीलर राजन श्रीवास्तव की तहरीर पर की गई है।
राजन के अनुसार मकबूल आलम रोड की असमा कलीम और उनके पति नसीम अख्तर खजुरी वार्ड सिकरौल में मकान खरीदना चाहते थे। इसके लिए दंपति ने राजन से जुलाई 2017 में संपर्क किया तो राजन ने कमीशन लेकर मकान दिलाने को कहा। राजन के अनुसार जब दंपति तैयार हो गए तो इसकी लिखापढ़ी कर उसने मकान मालिक सत्येंद्र और अनुराग से बातचीत की और सौदा तय हो गया। इस बीच राजन को पता लगा कि उसे बताए बगैर ही दंपति ने 24 अगस्त 2018 को मकान की रजिस्ट्री करा ली। इसके साथ ही उसके चार लाख रुपये का कमीशन हड़प लिए और मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। राजन के अनुसार उसका कमीशन हड़पने में दंपति के साथ ही आरपी गोस्वामी, उनके दोनों बेटों और दीपक बहल की अहम भूमिका है। जो मकान बेचा गया है उसे आरपी गोस्वामी ने औने-पौने दाम में हासिल किया था और चार करोड़ रुपये में बेच कर सरकारी राजस्व को चूना लगाया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।