ज्ञानपुर। तेज धूप और गर्मी का सितम कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। आसमान से बरस रही आग से धरती तवे के समान तपने लगी है, जिससे जनजीवन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इंसान ही नहीं, पशु-पक्षियों के हाल भी बेहाल होने लगे हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री, जबकि न्यूनतम 30 डिग्री तक रहा। गर्मी के मौसम में दूसरी बार पारा 45 तक पहुंचा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से दिन भर लोग झुलसते रहे।
रविवार को सुबह सात बजे से सूर्य का उग्र रूप दिखाई देने लगता है। आठ बजे 36 डिग्री पारा, 10 बजे 40 और 12 से एक बजे तक 45 तक पहुंच गया। दोपहर तीन बजे के बाद तपन कम तो होती है लेकिन लू तब भी चलती रहती है। पंखे और कूलर भी गर्म हवाओं के संवाहक बन चुके हैं। दोपहर में सड़कें सूनी हो जाती है। ऐसे में बिजली की मनमानी कटौती से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 12 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। शाम पांच बजे तक लू चलने से जनजीवन बेहाल रहा। गर्मी के चलते दुकानदारी पर भी काफी प्रभाव पड़ रहा है। मजबूरन लोगों को सड़क पर निकलने से पहले मुंह बांध कर निकलना पड़ रहा है। सड़क किनारे तरह-तरह के ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आती है। इससे दुकानदारों का धंधा तो चमक रहा है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग अपने काम को निपटाने के लिए शाम को घर से निकलना पंसद कर रहे हैं। वहीं ऐसे मौसम में डायरिया, कालरा और बुखार जैैसी बीमारियों ने भी लोगों को अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया है।