वाराणसी। फ्लाईओवर हादसे के बाद यात्रियों की खूब फजीहत हो रही है। ऑटो चालक मनमानी पर उतर गए है और तीन गुना किराया वसूल रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की कोई सुनने वाला नहीं है। अधिकारी आंख मूदकर बैठे हुए हैं। यात्रियों और आटो चालकों में रोज किराये को लेकर किचकिच हो रही है। यहां तक की कही-कही मारपीट की भी नौबत आ चुकी है।
पिछले 15 मई को निर्माणाधीन चौकाघाट लहरतारा फ्लाईओवर के दो बीम गिर गए थे। हादसे में 15 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद लहरतारा मार्ग को बंद कर दिया गया। इससे अब लहरतारा, चांदपुर चौराहा के अलावा बौलिया तक आने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। इसका फायदा ऑटो चालक उठा रहे हैं। जहां पहले दिन में 10 रुपये और शाम के बाद अधिकतम 20 रुपये किराया लेते थे, वहीं अब 30 और 40 रुपए तक किराया एक तरफ का ले रहे हैं। इससे आए दिन ऑटो स्टैंड पर कहासुनी की नौबत बन रही है।
आरटीओ आरपी द्विवेदी कहा कि आटो और टैक्सी का किराया स्टेट ट्रांसपोर्ट अॅथारिटी तय करती है। शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का किराया तय है और इसमें किसी तरह की मनमानी नहीं चलेगी। जिन रुटों पर मनमानी की जा रही है वहां कार्रवाई होगी।