वाराणसी। हर बच्चे में कुछ न कुछ खास बात होती है और गर्मियों की छुट्टियां बच्चों को उनके उस छिपे टैलेंट को पहचानने का पूरा मौका देती हैं। गर्मियों की छुट्टियों का खासतौर पर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को बेसब्री से इंतजार रहता है। अब जब गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं तो बच्चे समर कैंप की तैयारी में लग गए हैं।
15 मई के बाद स्कूलों में छुट्टियां हो जाएंगी। इसके साथ ही शहर में समर कैंप का दौर शुरू हो जाएगा। डांस, म्यूजिक, स्पोर्ट्स, कराटे के अलावा इस बार बच्चों के सीखने के लिए बहुत कुछ खास होने वाला है। अधिकतर स्कूल इस बार समर कैंप में ड्राइंग, पेंटिंग, डांस, म्यूजिक के अलावा फिटनेस, योगा, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के साथ ही मॉरल वैल्यू बेस्ड वर्कशॉप कराने जा रहे हैं। इसमें मिड ब्रेन एक्टिवेशन क्लास भी शामिल है।
यह सारी कवायद छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए की जा रही है। उद्देश्य यही है कि छात्र तनाव प्रबंधन सीखें। यही नहीं, इस बार समर कैंप में जंक फूड खाकर मोटापे के शिकार हो रहे बच्चों की सेहत पर भी खास क्लास होगी। इसके लिए समर कैंप में जुम्बा डांस, एरोबिक्स, योगा को प्राथमिकता दी गई है। स्कूलों ने अभिभावकों से समर कैंप की फीडबैक लेकर उनके सुझावों को शामिल करते हुए पूरी प्लानिंग की है।