वाराणसी। बीएचयू के बाल रोग विभाग में ब्लड कैंसर पीडि़त 100 बच्चों का इलाज चल रहा है। इसमें उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। अगर समय से कैंसर पीडि़त बच्चों का इलाज शुरू हो जाए तो ये बच्चे भी सामान्य जीवन जी सकते हैं। इस तरह के बच्चों के उत्साहवर्द्धन के दृष्टिकोण से ही शुक्रवार को चाइल्डहुड कैंसर डे पर ऐसे बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
विभाग के नए सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने निबंध लेखन, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। विजेताओं को चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. वीके शुक्ला ने मेडल, स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया। बाल रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. विनीता गुप्ता ने बताया कि बच्चों में रक्त कैंसर लाइलाज नहीं है। बीएचयू में अब तक ब्लड कैंसर से पीडि़त लगभग 600 बच्चों का इलाज हो चुका है। एक आंकड़े के मुताबिक देश में 50 हजार बच्चे कई प्रकार के कैंसर पीडि़त, जिसमें 25 हजार ब्लड कैंसर से प्रभावित हैं। कार्यक्रम में आईएमएस डीन प्रो. जयप्रकाश, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय, प्रो. अशोक चौधरी, प्रो. सरोज चूड़ामणि गोपाल, प्रो. राजनीति प्रसाद आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका अग्रवाल, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनील राव ने किया।