वाराणसी। एक दिन पहले चेतावनी जारी करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुधवार को नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त ने मंडुवाडीह सब्जी मंडी में अभियान चलाया। यहां कराए गए कच्चे-पक्के निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कराकर मंडी खाली कराई गई। थाने के पीछे मांडवी तालाब की पोकलेन से सफाई कराए जाने के साथ ही उसे अतिक्रमण मुक्त कराने की मुहिम भी शुरू कर दी गई। तालाब किनारे के अतिक्रमण ढहाए गए। उधर, वरुणापार इलाके में अंबेडकर पार्क से गोलघर, कचहरी और महावीर मंदिर चौराहे पर कई स्थाई-अस्थाई अवैध निर्माण ढहाए जाने से अफरातफरी मची रही।
एसीएम प्रथम सुशील गौड़ की अगुवाई में अतिक्रमण हटाने के लिए दस्ता सुबह 11 बजे मंडुवाडीह पहुंचा। सबसे पहले रेलवे लाइन के किनारे से अवैध तरीके से संचालित सब्जी मंडी और मछली मंडी हटाई गई। फिर बाजार तक अतिक्रमण हटाने के बाद टीम मांडवी तालाब पहुंची। वहां तालाब किनारे कराए गए पक्के निर्माण को तोड़ा गया। बैरक के पिछले हिस्से को ढहाने के साथ ही पुलिस की ओर से जब्त की गई बाइकें हटवाई गईं। पोकलेन लगाकर तालाब की सफाई कराई जा रही है। तलहटी तक सफाई के लिए जल्द ही पंप लगाकर तालाब का पानी निकाला जाएगा। एसीएम प्रथम ने विद्यापीठ ब्लाक की खंड विकास अधिकारी रक्षिता सिंह से कहा कि तालाब में सीवर गिरने से रोकने के लिए प्रस्ताव बनाकर उपलब्ध कराएं। सफाई के बाद इसका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। गुरुवार को मंडुवाडीह चौराहे से लहरातारा तिराहे तक सड़क की पैमाइश कराई जाएगी।
दूसरी ओर एसीएम चतुर्थ नीता यादव की अगुवाई में दोपहर में कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू हुआ। वहां से गोलघर तिराहे तक टिनशेड, छज्जा, शाइनबार्ड के अलावा चाय-पान की भट्टियां तोड़ते हुए दस्ता गोलघर कचहरी तक गया। उसके बाद महावीर मंदिर चौराहे पर कार्रवाई की गई। चार अवैध निर्माण यहां ध्वस्त कराए गए। साथ ही, मलबा हटवाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध की कोशिश की लेकिन फोर्स के आगे उन्हें पीछे हटना पड़ा।