सुजानगंज। खंड विकास अधिकारी पर जनसूचना रिपोर्ट नहीं देने का आरोप लगाते हुए बेरमाव गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को सुजानगंज ब्लाक का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान जन सूचना रिपोर्ट देने और बीडीओ के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि बेरमाव गांव के ग्राम प्रधान बिना काम कराये ही लाखो रूपये खाते से निकाल लिए। जिसकी जानकारी आरटीआई द्वारा मांगी गई। लेकिन बीडीओ ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उक्त गांव निवासी समय लाल पटेल ने आरटीआई के तहत आठ जून 2017 को ग्राम प्रधान के कार्यों एवं निकाले धनों का ब्योरा मांगा गया था। द्वितीय अपील के बाद जन सुचना विभाग लखनऊ ने जिलाधिकारी कार्यालय को पत्र लिखकर मांगे गए व्यौरा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी सुजानगंज अभिलेख उपलब्ध कराने का आदेश दिया। लेकिन जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद खंड विकास अधिकारी सूचना नहीं दे रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में अनिल कुमार, राजकुमार, ऊषा, विमला, शिवकुमारी, सुमन, अंजू, अच्छेलाल, सुरेश कुमार, निर्मला आदि ग्रामीण उपस्थित रहे। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जयेश सिंह ने बताया कि सूचना की जानकारी देने की जिम्मेदारी सेक्रेटरी की होती है। उन्होंने क्यों नहीं दिया। इसके लिए जिम्मेदार सेक्रेटरी खुद होंगे।