वाराणसी। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वरुणा कॉरिडोर के तहत निर्धारित ग्रीन बेल्ट के दायरे में आने वाले अवैध निर्माणों पर कार्रवाई नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि वरुणा किनारे जो भी अवैध कब्जे हैं, उन पर कार्रवाई होकर रहेगी।
शनिवार को मंडलायुक्त सभागार में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नगर विकास मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हरदोई के डीएम बनाए गए पूर्व वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित खरे का ट्रांसफर और प्रमोशन शासन की निर्धारित रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे किसी दूसरे रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। वरुणा के संरक्षण के लिए बिना किसी दबाव के अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
वरुणा कॉरिडोर के निर्धारित ग्रीन बेल्ट के दायरे में जिन 762 अवैध निर्माणों को नोटिस दिया गया है, अवैध कब्जा है तो कार्रवाई होगी। कहा कि यूपीकोका शरीफ आदमियों और राजनीतिक लोगों को परेशान करने के लिए नहीं है। यह कानून संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए है। इससे आम आदमी को डरने की कतई जरूरत नहीं है। यूपीकोका को लेकर हंगामा करने पर विरोधी दलों को मंत्री ने आड़े हाथों लिया। कहा कि विरोधियों के पास अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है तो वे जनता के बीच भय फैला रहे हैं। विरोधी दल अपराधियों से मिले हैं। कानून व्यवस्था के लिए सरकार किसी भी सूरत अपराधियों को बख्शेगी नहीं।
शहर की सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर नगर विकास मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि जहां भी सड़क पर अतिक्रमण है, पहले उन्हें चिह्नित कर लाल निशान लगाएं ताकि लोगों को इसकी जानकारी हो सके और वे निर्धारित समयावधि में खुद अपने अतिक्रमण हटा लें। फिर अभियान चलाकर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संसदीय कार्यालय में वरुणा तटवासियों ने नगर विकास मंत्री से गुहार लगाई कि वीडीए के अधिकारी उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। जो बड़े लोग हैं और जिन्होंने अवैध निर्माण कराया है, उन्हें बचाया जा रहा है जबकि जो लोग यहां पर जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद वर्षों से मकान बनाकर रह रहे हैं। उनका भयादोहन किया जा रहा है।