वाराणसी। कमच्छा स्थित रणवीर संस्कृत विद्यालय में सोमवार को वार्षिकोत्सव ‘प्रकर्ष-2019’ मनाया गया। मुख्य अतिथि बीएचयू कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी रहे। सांस्कृति कार्यक्रमों की शुरुआत वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण के साथ हुआ। जिसके बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलगीत ‘मधुर मनोहर अतीव सुंदर...’ की मधुर प्रस्तुति से की गई।
प्राइमरी विभाग के बच्चों ने ‘रक्तबीज संहार’ नृत्य नाटिका पेश की। बेटी बचाओ विषय पर अर्पणा व समूह ने नृत्य प्रस्तुत किया। अभिषेक और समूह द्वारा शिव तांडव का शानदार मंचन किया गया। नृत्य-संगीत की प्रस्तुति के बाद बच्चों ने हिंदी और संस्कृत नाटकों की प्रस्तुति दी। जिसमें संस्कृत नाटक ‘यथा गुरु तथा शिष्य:’ एवं व्यंगकार हरिशंकर परसाई द्वारा रचित नाटक ‘भोलाराम का जीव’ का सजीव मंचन कर अभिनय कला का परिचय दिया। स्वागत डॉ. भवेश कुमार पांडेय और धन्यवाद डॉ. पवन कुमार पांडेय ने दिया। इस अवसर पर बीएचयू के वित्ताधिकारी डॉ. श्याम बाबू पटेल, बीएचयू स्कूल बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रो. रमाशंकर दूबे, प्रो. कविता शाह, प्रो. जेपी श्रीवास्तव, प्रो. उमेश प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।