सारनाथ। सिंहपुर गांव के सामने रिंग रोड पर सोमवार सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार श्याम नारायण (50) की मौत हो गई और तेज बहादुर घायल हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और सिंहपुर गांव के सामने रिंग रोड पर अंडरपास बनाने के लिए जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंचे एसीएम चतुर्थ और सीओ कैंट ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर ध्यान दिया जाएगा तो आधा घंटे बाद सभी शांत हुए।
जाम खत्म होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, श्याम नारायण ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और सिर में लगी चोट की वजह से उसकी मौत हुई है। चौबेपुर थाना अंतर्गत मुनारी निवासी कमलेश ने बताया कि उसका भाई श्याम नारायण गांव के तेज बहादुर के साथ बाइक से लालपुर जा रहा था। सिंहपुर गांव के सामने मोड़ पर बाइक मोड़ते समय हरहुआ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी तो बाइक चला रहा तेज बहादुर छिटक कर दूर जा गिरा, जबकि सिर में चोट लगने से श्याम नारायण की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की टक्कर से श्याम नारायण कई फुट ऊपर उछलने के बाद सड़क पर गिरा था। हादसे के बाद चालक फरीदपुर गांव के पास कार छोड़ कर भाग निकला। पुलिस कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। कमलेश की तहरीर पर सारनाथ थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, हादसे की सूचना पाकर श्याम नारायण की पत्नी मुन्नी देवी, बेटे राहुल व रवि और बेटी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल था।