वाराणसी। सेना भर्ती के तीसरे दिन मंगलवार को बलिया जिले की बलिया तहसील के 3149 अभ्यर्थियों में से 328 दौड़ में सफल रहे। तीसरे दिन की भर्ती रैली के लिए 4656 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था लेकिन 1507 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। बुधवार को बलिया जिले की रसड़ा और बांसडीह तहसील के 5234 अभ्यर्थी रैली में शामिल होंगे।
रणबांकुरे स्टेडियम में तीसरे दिन की भर्ती रैली के मद्देनजर सोमवार शाम से ही छावनी क्षेत्र में अभ्यर्थियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। इस दौरान शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर छावनी क्षेत्र से लेकर कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज तक पुलिस के जवान तैनात थे। निदेशक कर्नल राजेश सिंह ठाकुर ने बताया कि भर्ती शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। अभ्यर्थी किसी के झांसे में न आएं और अपने दमखम पर विश्वास करते हुए अनुशासित तरीके से भर्ती में शामिल हों।