वाराणसी। इस बार अन्नकूट पर बाबा के भक्तों को निशुल्क छप्पन भोग का प्रसाद दिया जाएगा। यह निर्णय मंदिर प्रशासन ने लिया है। पहले यह सुविधा डेढ़ सौ रुपए खर्च करने के बाद भक्तों को मिलती थी, लकिन इस बार यह व्यवस्था निशुल्क रहेगी।
दीपावली के बाद होने वाली अन्नकूट पूजा पर मां अन्नपूर्णा के दर्शन व बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए लाखों श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगती है। इस दौरान जहां मां अन्नपूर्णा में प्रसाद मिलता है वहीं अन्नकूट पर बाबा को चढ़ाया गया 56 भोग भी प्रसाद के रूप में दिया जाता है, लेकिन इस प्रसाद के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से डेढ़ सौ रुपए की रसीद कटानी पड़ती है। इस बार मंदिर प्रशासन ने इस विशेष प्रसाद को निशुल्क बांटने का निर्णय लिया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कार्यपालन अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि भगवान के प्रसाद पर भक्तों का हक है। साल भर में एक दिन का प्रसाद तो भक्तों के लिए आशीर्वाद स्वरूप दिया जा सकता है। इसलिए विशेष दिन पर इस बार यह पूरी व्यवस्था निशुल्क रखी जाएगी।