हरहुआ। जौनपुर से वाराणसी जा रही रोडवेज बस टायर फटने से निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पिलर से टकरा गई। बुधवार की दोपहर हरहुआ बाजार स्थित पुलिस चौकी के समीप हुए हादसे में 18 यात्री घायल हो गए। इन्हें बाजार स्थित पीएचसी और निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन हालत गंभीर होने पर दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण बाजार में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही। हादसे के बारे मेें राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी और जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने एसडीएम पिंडरा एनएन यादव को फोन कर जानकारी ली और सभी के उपचार की मुकम्मल व्यवस्था कराने को कहा।
रोडवेज बस के पिलर से टकराने के कारण घायल होने वालों में बदलापुर के ओमप्रकाश (42), गौराबादशाहपुर के शीला सिंह (50) व विशाल सिंह (31), कादीपुर के दिनेश गुप्ता (20), पिंडरा मीराशाह के हफीजुल्ला (64), रामपुर सुल्तानपुर के रोहित शर्मा (12) व शिवशंकर (40), बिहार के पलामू के देव कुमार सिंह (58), मिर्जापुर के चुनार की श्रुति दुबे (22), आजमगढ़ के विपिन वर्मा (38), बड़ागांव के कनियर के कुलदीप मिश्र (22), सुल्तानपुर के मो. सेराज (25), सुल्तानपुर के देवराजपुर करौंदी कला की पुष्पा गुप्ता (35) व सूरज (10), मडि़याहूं के गिरीशचंद (52), प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा के बस चालक वीरेंद्र बहादुर यादव (45) और जफराबाद के सुभाष चंद्र (55) शामिल हैं। इनमें से शीला, दिनेश गुप्ता और मोहित शर्मा को दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बीच किसी ने सोशल मीडिया पर तीन लोगों की मौत की सूचना वायरल कर दी जिसे लेकर पुलिस काफी हलाकान रही। वहीं, हादसे के बाद बस का परिचालक उमानाथ पांडेय भाग खड़ा हुआ।