भदोही। ईद के मद्देनजर 15 रमजान से शुरू हुए खरीदारी के दौर में बृहस्पतिवार को और तेजी आ गई। तीखी धूप और उमस में भी बाजार खरीदारों की भीड़ से खचाखच भरे हरे। रेडीमेड कपड़ों से लेकर जूता चप्पल और खाद्य पदार्थों शकी दुकानों में देर रात तक चहल-पहल रही। भदोही नगर के कटरा बाजार में भीड़ के चलते आवागमन ठप सा हो गया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
स्टेशन रोड, चौरी रोड, मेनरोड भी दूसरे दिनों के मुकाबले आज सड़कों पर आवाजाही बढ़ गई थी। महिला और बच्चों की भीड़ भी सड़कों पर नजर आई। ईद की तैयारियों में नए कपड़ों, जूते चप्पलों के अलावा टोपी और रूमाल की खरीदारी मुख्य होती है। खाद्य सामग्री की बात करें तो सेवईयों के अलावा खोवा और मेवा मसालों की खरीदारी के लिए अंतिम दो दिन बाजार में भीड़ उमड़ती है। बताया जा रहा है कि शनवार को ईद होगी इसलिए गुरूवार से दो दिन के लिए बाजार आधी आधी रात के बाद तक खुलेंगे।
बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से ही गहमागहमी रही। अजिमुल्लाह चौराहे से अंबरनीम की ओर जाना मुश्किल था। हर कोई रेडीमेड कपड़ों की दुकानों की ओर भाग रहा था। महंगाई और आर्थिक मंदी के बाद भी दुकानदारों का कहना है कि अच्छी बिक्री हो रही है। चांदनी मार्केट की चूड़ी की दुकानों पर बच्चों और महिलाओं की भीड़ रही। चिप्स, पापड़ और अन्य सामान भी जमकर बिके। शाम को इफ्तार के बाद बाजार में पैर रखने की जगह नहीं बची थी।