वाराणसी। बीएचयू और उससे संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं दो मई से शुरू होंगी। पांच जून तक चलने वाली परीक्षा के एक दिन पहले मंगलवार को बीएचयू कैंपस में छात्र प्रवेश-पत्र के लिए भटकते रहे। नियमानुसार मानक उपस्थिति से कम होने वाले छात्र-छात्राओं का प्रवेश पत्र रोक दिया गया है। देर शाम तक संकायों, विभागों में छात्रों की भीड़ लगी रही।
विश्वविद्यालय में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं में संबद्ध कॉलेजों की परीक्षाएं भी विश्वविद्यालय परिसर में ही कराई जाएंगी। इसमें पीजी की परीक्षा तो मई के अंतिम सप्ताह तक चलेगी लेकिन यूजी की परीक्षा जून के पहले सप्ताह तक होगी। परीक्षा के लिए संकायों में विभागवार ऐसे छात्रों की सूची चस्पा कराई गई हैं, जिनकी मानक उपस्थिति बहुत कम है। ऐसे छात्रों को प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है। प्रवेश पत्र के लिए छात्र-छात्राएं दिन भर विभाग से संकाय कार्यालय तक भागदौड़ करते रहे। कला संकाय में तो छात्रों से एक फार्म भरवाया गया जिसमें छात्रों ने एक सप्ताह के भीतर चिकित्सा प्रमाण पत्र देने की बात लिखी है। परीक्षा नियंत्रक मनोज पांडेय ने बताया कि सुबह 8 से 11 बजे और 1.30 से 4.30 बजे तक होने वाली परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। कॉलेजों की परीक्षाएं भी यही कराई जाएंगी, केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए चीफ प्राक्टर को पत्र लिखा जा चुका है।