वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 12 मार्च को शहर आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैक्रोन गंगा घाटों पर काशी की संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके लिए दशाश्वमेध से अस्सी के बीच के 11 प्रमुख घाटों पर काशी की धर्म, कला, संस्कृति, संगीत, खानपान और यहां से जुड़ी अन्य विशिष्टताओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनियां कुछ इस तरह होंगी कि फ्रांस के राष्ट्रपति को काशी का जीवंत बोध हो सके। इन प्रदर्शनियों को देखने के लिए पीएम मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति बुलेट प्रूफ बजड़े से दशाश्वमेध घाट से अस्सी घाट के लिए रवाना होंगे।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव राघवेेंद्र सिंह रविवार को पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर शहर पहुंचे। मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण और डीएम योगेश्वर राम मिश्र के साथ केंद्रीय सचिव ने अस्सी से लेकर दशाश्वमेध घाट तक का नाव से निरीक्षण किया। इसके बाद बीएचयू स्थित भारत कला भवन, डीरेका स्थित गेस्ट हाउस, बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल और बाबतपुर एयरपोर्ट का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति के काशी दौरे को यादगार बनाने के लिए पीएमओ स्तर से निर्देश मिले हैं। इसके तहत अस्सी से दशाश्वमेध के बीच के 11 प्रमुख घाटों पर काशी से जुड़ी प्रत्येक विशिष्ट बात की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस संबंध में आगामी दो से तीन दिन में अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।