पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के देवजी गांव में सड़क किनारे एक झोले में लपेट कर फेंका गया नवजात रविवार को दोपहर में मिला। उसे गोद लेने के लिए गांव के आधा दर्जन लोग आगे आए। पुलिस ने बिना कानूनी कार्रवाई के देने से इनकार कर दिया।
फूलपुर-सिंधोरा मार्ग पर रविवार को देवजी गांव के सामने स्थित पुलिया के समीप झाड़ में एक झोले में कपड़े से लपेटकर नवजात को फेंक दिया गया था। शिशु की आवाज सुनकर गांव के ही विकास शर्मा और जितेंद्र राजभर पहुंचे और ग्राम प्रधानपति दिनेश यादव को सूचना दी। उसके बाद प्रधानपति ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान आधा दर्जन लोग नवजात को गोद लेने के लिए कहने लगे। यही नहीं बच्चों को अपनाने के लिए विकास शर्मा और उसकी मां बच्चे को लेकर स्वयं थाने पहुंची और नवजात को गोद लेने को कहा। एसओ विजय प्रताप सिंह ने कहा कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के बच्चा गोद नहीं दिया जा सकता। पुलिस ने नवजात को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।