वाराणसी। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी के अंतिम दिन मंगलवार को भी प्रकृति प्रेमियों की जबरदस्त भीड़ रही। हजारों किस्म के रंग-बिरंगे फूलों की अनुपम छटा को निहारने के साथ इस पल को यादगार बनाने के लिए लोगों ने खूब सेल्फी ली और फोटो भी खिंचवाए।
मालवीय भवन परिसर में लगी पुष्प प्रदर्शनी में सुबह 10 बजे से लोग अपने परिवार के साथ पहुंचने लगे। यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। इसमें गेंदा, गुलाब, चमेली, गुड़हल और गुलदावदी समेत 7856 किस्म के आकर्षक फूलों, फलों और सब्जियों के पौधे प्रदर्शनी में लगाए गए थे। प्रदर्शनी में रंग-बिरंगे फूलों से बने शादी मंडप और डिजाइनदार पत्तियों से बनी पशु-पक्षियों की आकृतियां व रिक्शा आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान बागवानी के शौकीन लोगों ने यहां लगे स्टॉलों पर फूलों और सब्जियों के बारे में जानकारी ली और उनके बीज खरीदे। वहीं, युवतियां और बच्चों में सेल्फी लेने के साथ फोटो खिंचवाने के लिए होड़ लगी रही। प्रदर्शनी में कुल 604 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।