वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 सितंबर को प्रस्तावित काशी आगमन के मद्देनजर प्रशासनिक अमले ने तैयारी तेज कर दी है। प्रधानमंत्री के दो दिनी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां रहेंगे। बड़ालालपुर, डीरेका और शाहंशाहपुर में पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारी के सिलसिले में गुरुवार को डीएम योगेश्वर राम मिश्र और एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीरेका में पीएम सभा करेंगे। यहां 20 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला वाटर प्रूफ पंडाल बनाया जाएगा। बड़ा लालपुर ट्रेड फैसिलिटी सेंटर का लोकार्पण करने के बाद पीएम बुनकरों को संबोधित करेंगे। शाहंशाहपुर में गंगातीरी गायों के संरक्षण एवं संवर्द्धन भवन का लोकार्पण करेंगे। इन तीनों स्थानों पर हेलीपैड बनाए जाएंगे।
पुलिस लाइन, छावनी और बीएचयू के हेलीपैड का भी इस्तेमाल होगा। डीएम-एसएसपी के अलावा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने तीनों आयोजनों स्थलों का निरीक्षण किया। अपर निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव गुप्ता ने शाहंशाहपुर जाकर तैयारियां देखीं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक डीरेका में पीएम की बड़ी सभा होगी। यहां वह केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के अलावा किसान ऋण मोचन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। प्रबुद्धजनों के साथ बैठक भी होगी। बड़ा लालपुर में भी एक छोटा पंडाल बनाया जा रहा है। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर जनता को समर्पित करने बाद पीएम बुनकरों की सभा को संबोधित करेंगे। 22 सितंबर की रात डीरेका गेस्ट हाउस में पीएम के रात्रि प्रवास की संभावनाआें के मद्देनजर डीरेका प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। गेस्ट हाउस के एसी, परदे बदले जा रहे हैं।