वाराणसी। पूर्वांचल में मानसून देरी से आएगा। मौसम विज्ञानी के अनुसार 25 जून तक मानसून पहुंचेगा। पछुआ हवा चलने से 25 तक मानसून आने की संभावना है। इस तरह का मौसम पंजाब और राजस्थान से असम तक बना हुआ है।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार तराई क्षेत्र में गोरखपुर और बस्ती में पुरवा हवा का रुख है लेकिन इधर पूर्वांचल में पछुआ हवा का दबाव बना हुआ है। अरब सागर से मानसून के अनुकूल हवाएं चल रही हैं लेकिन यहां तक पहुंचते-पहुंचते कमजोर हो रही हैं। बताया कि इससे मानसून पूर्वांचल में दो दिन देरी से पहुंचेगा। कृषि विज्ञानी के अनुसार अभी तक की बारिश के लिहाज से किसान खेतों की जुताई और धान की नर्सरी डालने में देरी न करें। अब धान की नर्सरी डालने में देरी हुई तो फसल पिछड़ जाएगी। इसका असर पैदावार पर पड़ेगा।