वाराणसी। हाईवे से लेकर शहर तक इन दिनों जाम की समस्या से राहगीरों को निजात नहीं मिल पा रही है। बुधवार को नेशनल हाईवे दो पर डाफी टोल प्लाजा से अखरी चौराहा तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। वहीं, सुबह से देर शाम तक शहर में भी कमोबेश यही स्थिति रही। जाम की समस्या के कारण सिगरा, रथयात्रा और गोदौलिया से मैदागिन के बीच वाहनों को एक किलोमीटर की दूरी तय करने में आधा घंटे से ज्यादा का समय लग जा रहा था। ट्रैफिक सिग्नल और चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मी की तैनाती भी जाम की समस्या का समाधान करा पाने में कारगर नहीं साबित हो रही है।
टोल टैक्स वसूलने वाले कर्मचारियों के धीमी गति से काम करने और वाहनों के भारी दबाव के कारण डाफी टोल प्लाजा से अखरी चौराहा के आगे तक नेशनल हाईवे दो पर बीते चार दिन से रोजाना जाम लग रहा है। समस्या का समाधान करा पाने में टोल कर्मी और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से नाकाम है। वहीं, शहर में सड़क पर अतिक्रमण और वाहनों के बेतरतीब से खड़े होने के कारण दिन भर जाम की स्थिति बरकरार रहती है। शाम के समय सड़क बरात में शामिल लोगों की आतिशबाजी और नृत्य के चलते शहर के अधिकांश हिस्से जाम की जद में नजर आए। हालत यह रही कि ककरमत्ता, भिखारीपुर, सुंदरपुर, लंका, मंडुवाडीह, महमूरगंज-रथयात्रा मार्ग, रथयात्रा-सिगरा मार्ग, गुरुबाग, लक्सा, गिरजाघर, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, कबीरचौरा सहित शहर के अन्य इलाकों में वाहनों की लंबी कतार लगी रही।