वाराणसी/रामनगर। बैंक खाते से रुपये उड़ाने के दो अलग-अलग मामले शनिवार को सामने आए। एक प्रकरण को लेकर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि रामनगर पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर लेने से ही इंकार कर दिया।
रमरेपुर अकथा निवासी रामबली सिंह का खाता स्टेट बैंक की पहड़िया शाखा में है। आरोप है कि कई तिथियों में उनके खाते से 54 हजार रुपये निकाल लिए गए। जानकारी होने पर बैंक जाकर उन्होंने प्रबंधक को पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि प्रबंधक ने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताया। इस पर भुक्तभोगी की तहरीर पर कैंट पुलिस ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, रामनगर के शास्त्री चौक निवासी पान विक्रेता देवानंद चौरसिया के मोबाइल पर कॉल कर कहा गया कि एटीएम कार्ड की सेवायें बंद की जा रही हैं। चालू रखने के लिए बैंक खाते का विवरण खुद को अधिकारी बताते हुए मांगा गया। देवानंद की छोटी बहन ने खाते का विवरण बताया तो थोड़ी ही देर बाद मोबाइल पर मेसेज आया कि 53 हजार रुपये निकाला गया है। देवानंद को जानकारी मिली तो वो रामनगर थाने गया लेकिन उसकी तहरीर पुलिसकर्मियों ने नहीं ली।